रामपुर में दर्दनाक हादसा: जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे पति-पत्नी की खाई में गिरने से मौत

रामपुर (हिमाचल प्रदेश):
रामपुर क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रहे पति-पत्नी की मौत हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना वीरवार देर रात मकड़ोली के पास उस समय हुई, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

मृतकों की पहचान 36 वर्षीय प्यारे लाल पुत्र जिउ राम और उनकी पत्नी 32 वर्षीय सुनीता, निवासी गांव भावड़ (कशोग), तहसील डंसा, रामपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों वीरवार शाम को मकड़ोली गांव में धर्म भाई की बेटी की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी के बाद रात करीब 11:30 बजे दोनों अपनी ऑल्टो कार में घर के लिए रवाना हुए।

घर से महज 150 मीटर की दूरी पर पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के गिरने की आवाज दूर-दराज तक सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपती को सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए खनेरी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

रामपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share the news