राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में उपमंडल बंजार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

बंजार
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में उपमंडल बंजार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (सिविल) एवं निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, बंजार द्वारा की गई।
इस अवसर पर पंकज शर्मा ने लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान नवपंजीकृत मतदाताओं को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी कार्ड) वितरित किए गए।
एसडीएम बंजार ने अपने संबोधन में कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में मतदान का अधिकार प्रत्येक नागरिक की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने नए मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर करें तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव से दूर रहें।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और नए मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भागीदारी निभा सकें। कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता पंजीकरण, ईवीएम एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर उपमंडल कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी तथा नवपंजीकृत मतदाता उपस्थित रहे।

Share the news