
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
18 जनवरी 2023
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को हिमाचल के इंदौरा से होकर गुजरेगी। कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा के 124वें दिन देवभूमि में राहुल गांधी 24 किलोमीटर पैदल सफर कर रहे हैं। यात्रा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों सहित करीब 15,000 कार्यकर्ता शामिल हैं। शाम के वक्त राहुल गांधी मलोट में जनसभा भी करेंगे।
हिमाचल के मीलवां से सुबह 6:00 बजे शुरू होने वाली यात्रा मिरथल से होते हुए काठगढ़ पहुंचेगी। इस दौरान राहुल गांधी काठगढ़ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद यात्रा इंदौरा से होते हुए 4:00 बजे मलोट पहुंचेगी। यहां 5:30 बजे तक राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मलोट से होते हुए यात्रा पठानकोट के लिए रवाना होगी। पठानकोट से यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। यात्रा के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू, पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने इंदौरा में डेरा डाल दिया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पुरानी पेंशन योजना के करीब 100 लाभार्थियों को राहुल गांधी से मिलवाया जाएगा।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





