
एक साल पहले भी बंदर ने पैसों से भरा बैग छीन लिया था तथा नोट हवा उड़ा दिए थे। इसके अलावा लोअर बाजार में बंदरों के डर से एक महिला की घर के लेंटर से गिरकर मौत हो गई थी।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
18 नवंबर 2022
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला शिमला में बंदरों के उत्पात से लोग तंग हैं। बीएसएनएल दफ्तर के पास वीरवार को एक व्यक्ति से जहां बंदर पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गया है वहीं रिज मैदान के पास एक युवती से दवाएं भी छीन लीं। इसके अलावा बंदर कई लोगों से आइसक्रीम छीनकर भाग गए। रिज मैदान पर आइसक्रीम 50 रुपये से लेकर डेढ़ सौ तक में मिलती है। बंदरों ने रिज मैदान पर दिनभर उत्पात मचाए रखा। बीएसएनएल के मालरोड स्थित सीटीओ कार्यालय में फोन का बिल जमा करने आए व्यक्ति से पैसों से भरा बैग छीनने के बाद से लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र से सामान से भरे बैग लेकर चलना मुश्किल हो गया है। बंदर हमला कर सामान छीन लेते हैं। एक साल पहले भी बंदर ने पैसों से भरा बैग छीन लिया था तथा नोट हवा उड़ा दिए थे। इसके अलावा लोअर बाजार में बंदरों के डर से एक महिला की घर के लेंटर से गिरकर मौत हो गई थी।
रिज मैदान पर आइसक्रीम खाना तक मुश्किल हो गया है। बंदर हाथ में आइसक्रीम देखते ही घेर लेते हैं और जब तक उसे छुड़ा नहीं लेते वहां से नहीं जाते। शहर के कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, जहां बंदर रोज उत्पात मचाते हैं और लोगों पर झपटते हैं। शहर के उपायुक्त कार्यालय के बाहर सीटीओ के सामने, इंडिया कॉफी हाउस के पास रेन शेल्टर के आसपास, कालीबाड़ी मंदिर सड़क , एजी चौक के आसपास, रिज मैदान पर एचपीएमसी काउंटर के पास दौलत सिंह पार्क, जाखू मंदिर सड़क और जाखू मंदिर परिसर, यूएस क्लब एरिया, फाइव बेंच और लक्कड़ बाजार मार्ग पर बंदरों का अधिक आतंक है।
बंदरों के काटने के हर माह आ रहे 60 मामले
शहर में हर माह करीब 60 मामले बंदरों के काटने के आते हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम और जिला प्रशासन को बंदरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए कदम उठाने चाहिए। रिज मैदान और मालरोड पर तो घूमना तक मुश्किल हो गया है।





