रैसरी में दर्दनाक हादसा: स्कूल बस की चपेट में आईं दो मासूम सगी बहनें, घर के पास ही हुआ हादसा

जिला ऊना के रैसरी गांव में सोमवार को खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। नियति के इस क्रूर खेल में दो मासूम सगी बहनें उस समय हादसे का शिकार हो गईं, जब वे अपने घर की दहलीज के बिल्कुल करीब थीं। एक निजी स्कूल बस की चपेट में आने से दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें तुरंत अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती करवाया गया।

जानकारी के अनुसार रैसरी निवासी सुशील कुमार की बेटियां आशश्वी और परीक्षा रोजाना की तरह स्कूल बस से घर लौटी थीं। दोनों नन्हीं छात्राएं एलकेजी और यूकेजी में पढ़ती हैं। बस से उतरने के बाद जैसे ही वे घर की ओर बढ़ रही थीं, तभी अचानक हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक ने वाहन को मोड़ने के लिए जैसे ही गियर बदला, उसी दौरान दोनों बच्चियां अनजाने में बस के टायर की चपेट में आ गईं। जिस बस पर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी थी, वही बस उनके लिए बड़ी मुसीबत बन गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों बच्चियों को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share the news