रोहड़ू में फटा बादल, कार बही, सराज में घर पर मलबा गिरने से युवक की मौत, ब्यास में एक और शव मिला

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 जुलाई 2023

Himachal Weather Update: Heavy rain in Mandi Shimla Amid orange alert landslide on house one killed

ऑरेंज अलर्ट के बीच रविवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश से नुकसान हुआ है। रोहड़ू के भलाड़ा पंचायत के तहत मलखून नाले में गत रात करीब 3:00 बजे बादल फट गया। इससे कई घरों को नुकसान पहुंचा है। वहीं सड़क किनारे खड़ी एक कार भी पानी के तेज बहाव में बह गई। मंडी में सराज के गांव मिहाच संदोचा में सुबह 5:00 बजे घर पर पहाड़ी से गिरे मलबे में दबने से बाल कृष्ण (16) पुत्र डोला राम की मौत हो गई।

मंडी के धर्मपुर क्षेत्र में कांढापत्तन के पास ब्यास नदी में एक शव मिला। मृतक कुल्लू जिले का रहने वाला था। उसकी बाजू पर राजकुमार नाम का टैटू था। कुल्लू के साढ़ाबाई थाना में राजकुमार के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज है। रोहड़ू में बादल फटने के बाद शिकड़ी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से रोहडू बाजार के साथ समाला में खड्ड किनारे बनीं झुग्गियों में पानी और मलबा घुसने से करीब दो दर्जन परिवार प्रभावित हुए हैं।

सावड़ा कुडडू परियोजना की डैम साइट के साथ चामशू के लिए बनाई सड़क का एक किलोमीटर हिस्सा डैम में समा गया। इससे नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाना बागवानों के लिए चुनौती बन गया है। उधर, जलस्तर बढ़ने से कांगड़ा जिले में पौंग बाध के गेट खोलने पड़े। वहीं, हिमाचल पथ परिवहन निगम ने कुल्लू से लंबे रूटों पर बस सेवा शुरू कर दी है।
एक सप्ताह बाद मनाली-चंडीगढ़ और कुल्लू-मंडी हाईवे खुलने के बाद कुल्लू से दिल्ली, पठानकोट, धर्मशाला और शिमला के लिए बस संचालन शुरू कर दिया। इस संबंध में निगम के मंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि स्थानीय रूटों के अलावा निगम ने लंबे रूटों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया है। हालांकि बारिश के चलते एनएच मंडी-कुल्लू कुछ देर के लिए छह मील के पास बंद रहा।

जिला कुल्लू में आई आपदा के एक सप्ताह भी हालात सामान्य नहीं हुए। बंजार, सैंज और पार्वती घाटी की पंचायतों में कई कंपनियों की दूरसंचार सेवाएं ठप हैं। दारचा-शिकुंला मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद है।

पांगी-किलाड़ राजमार्ग भी तिंदी तक ही खुला है। ग्रांफू से काजा मार्ग अभी बंद है। कुल्लू की चंसारी पंचायत में भूस्खलन से स्कूल का दोमंजिला भवन क्षतिग्रस्त हो गया और सात घरों को भी नुकसान हुआ है।ब्यास नदी में जलमग्न हुए पंचवक्त्र मंदिर में सोमवार से पूजा शुरू हो जाएगी। श्रद्धालु भी मंदिर आ सकेंगे। रविवार सुबह हुई बारिश से मंडी के सराज, नाचन, पधर, जोगिंद्रनगर, लडभड़ोल, सरकाघाट, बल्ह और सुंदरनगर में भारी बारिश के चलते नुकसान हुआ है।
संधोल की कून पंचायत में मकान का डंगा और शौचालय गिर गया। जोगिंद्रनगर के आरठी गांव में शनिवार आधी रात को कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने मकान के अंदर रह रहे बुजुर्ग को दूसरे मकान में शिफ्ट कर उनकी जान बचाई।

हिमाचल में आज ऑरेंज और अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद मंगलवार से अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट रहेगा। 17 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट के बीच एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी।

वहीं, दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में 17 जुलाई के लिए भी अवकाश घोषित किया गया है। किन्नौर जिला के अलावा चंबा जिला के पांगी और भरमौर में भी अवकाश रहेगा। इनके अलावा सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों के स्कूल अपने स्तर पर निर्णय लेंगे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news