
मनाली-लेह सामरिक मार्ग वाया सरचू बंद होने से लद्दाख में फंसे पर्यटक शिंकुला दर्रा होकर निकाले जा रहे हैं। बीते दो दिनों में लद्दाख और लाहौल-स्पीति प्रशासन ने लद्दाख से वाया नीमू, पदम और शिंकुला दर्रा हजारों पर्यटकों को सुरक्षित निकाला है।पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच लद्दाख एयरपोर्ट से उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में लद्दाख घूमने गए पर्यटकों को शिंकुला दर्रा होकर निकाला जा रहा है। उधर, मनाली-लेह सड़क मार्ग वाया सरचू फिलहाल ट्रैफिक के लिए बंद है। हालांकि सीमा सड़क संगठन ने सरचू तक सड़क मार्ग से बर्फ हटा लिया है लेकिन किनारों पर बर्फ की दीवारें होने से सड़क मार्ग तंग है। यही कारण है कि बीआरओ ने अभी तक ट्रैफिक के लिए हरी झंडी नहीं दी है। उम्मीद की जा रही है कि सीमा सड़क संगठन सरचू होकर लद्दाख के लिए जल्द ट्रैफिक को हरी झंडी देगा।
सैलानियों को मनाली भेजा
सहायक आयुक्त संकल्प गौतम ने बताया कि मनाली-लेह वाया सरचू होकर सड़क मार्ग फिलहाल बंद है। लद्दाख एयरपोर्ट से हवाई उड़ानों पर रोक लगने से वहां फंसे पर्यटकों को वाया नीमू व पदम और शिंकुला दर्रा निकाला जा रहा है। बताया कि दो दिन में वाया शिंकुला सैकड़ों पर्यटक वाहनों से हजारों सैलानियों को सुरक्षित मनाली भेजा गया।





