
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
8 मई 2023
सायबर ठगी को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को चम्बा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से 14 सिम कार्ड, दस मोबाइल फ़ोन सहित कुछ एटीम, पासबुक और चैकबुक भी बरामद किए हैं। चम्बा लाकर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश सुनाए हैं। अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी हासिल कर रही है। लिहाजा इस मामले में और गिरफ्तारियां भी जल्द हो सकती हैं।
जानकारी के अनुसार गत वर्ष अगस्त माह में सायबर ठगों ने चम्बा शहर के एक युवक को झांसे में फंसा कर उसके पिता के बैंक खाते से करीब 6 लाख रुपए की धनराशि पर हाथ साफ कर लिया था। पुलिस में दी गई शिकायत में युवक ने बताया था कि कुछ दिन पूर्व उसके पिता ने अपनी कार को बेच दिया था। कार पर लगे फास्टैग के खाते में शेष करीब 4100 रुपए रिफंड करवाने के उद्देश्य से उसने फास्टैग का टोल फ्री नंबर गूगल पर तलाशा। फर्जी वेबसाईट पर क्लिक करने के कारण वह सायबर शातिरों की झांसे में फंस गया। पहले उसने टोल फ्री नंबर पर फोन किया। जिसके उपरांत शातिरों ने शिकायतकर्ता को किसी अन्य नंबर से फोन किया। इसके बाद उन्होंने युवक से बैंक खाते से संबंधित कुछ जानकारी सांझा करने को कहा।
युवक की ओर से जानकारी दी गई तो शातिरों ने उसे मोबाइल में एनी डेस्क एप्लीकेशन डाउनलोड करने को कहा। यह वही एप है जिसके माध्यम से शातिर ठगी को अंजाम देते हैं। युवक की ओर से अपने पिता के मोबाइल में एप डाउनलोड की गई और शातिरों ने उसे 9 अंकों का एक कोड सांझा करने को कहा। शातिरों के आग्रह पर युवक ने उन्हें कोड भी बता दिया। जिसके परिणामस्वरूप उसके मोबाइल का पूर्ण नियंत्रण शातिरों के कंप्यूटर में पहुंच गया। शातिरों ने उसके पिता के बैंक खाते से करीब 6 लाख रुपए उड़ा लिए। जिसके बाद शिकायकर्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच को अंजाम दिया और एक टीम को चम्बा से पश्चिम बंगाल भेजा गया। जहां पुलिस दल ने दो आरोपियों को धर दबोचा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चम्बा विनोद कुमार धीमान ने कहा कि पुलिस ने दो सायबर शातिरों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वालों से सावधान रहने का आह्वान भी किया है।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





