लाहौल-स्पीति में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई भागों में अंधड़-ओलावृष्टि का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में ताजा बर्फबारी होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार रात से लेकर सोमवार सुबह तक हुई ताजा बर्फबारी से पूरी घाटी बर्फ की सफेर चादर में लिपट गई है। सड़कों पर भी बर्फ बिछने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले पांच दिनों से घाटी में बर्फबारी और बारिश का दौर चल रहा है। उधर, राज्य के कई अन्य जिलों में बारिश दर्ज की गई है। शिमला में भी माैसम खराब बना हुआ है।

बंगाणा क्षेत्र में बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि, किसानों की चिंता बढ़ी
वहीं जिला ऊना उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में सोमवार सुबह से ही तेज बारिश तथा हल्की ओलावृष्टि होने पर किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। किसान इस समय गेहूं की फसल को समेटने में लगे हुए हैं, लेकिन मौसम की बेरुखी से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने गेहूं की फसल काटकर खेतों में रखी हुई है। यदि इसी तरह से लगातार बारिश होती रही तो फसल खेतों में ही खराब हो जाएगी। स्कूली बच्चों को भी हल्की बारिश में स्कूल पहुंचना पड़ा।

इतने दिन खराब रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज प्रदेश के कई भागों में बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट है। विभाग के अनुसार हमीरपुर, शिमला व मंडी जिले के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ अलग-अलग स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने व ओलावृष्टि का अलर्ट है। ऊना, बिलासपुर, सोलन, सिरमाैर व कुल्लू जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई भागों में 27 अप्रैल तक माैसम खराब बना रह सकता है।

कहां कितनी बारिश
बीते 24 घंटों के दाैरान पूह में 48.2, सलूणी 40.4, कोठी 35.4, कल्पा 34.8, सांगला 31.6, रिकांगपिओ 27.5, बिलासपुर 20.2, मूरंग 20.0, घाघस 18.8, अघार 18.2, मनाली 18.0, रामपुर 15.2, रोहड़ू और सराहन 15.0, करसोग 14.1, नारकंडा और स्लापड़ 13.5, निचार 12.4, नयनादेवी 12.2, बैजनाथ 11.0 व मालरांव में 10.0 मिलीमीटर बारिश हुई।
Share the news