
केलांग |
जिला लाहौल-स्पीति में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त किरण भड़ाना की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ अधिशासी अभियंता पवन राणा ने किया।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा उपाय, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को लेकर व्यापक चर्चा हुई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
2025 में 20 हादसे, 12 की मौत
वर्ष 2025 में जिले में कुल 20 सड़क हादसों में 12 लोगों की मृत्यु और 58 लोग घायल हुए। उपायुक्त ने इन आंकड़ों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को समन्वित और परिणाम आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही 13 नवंबर 2025 की पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा कर लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।
3.99 करोड़ का प्रस्ताव, 15 ब्लैक स्पॉट्स पर कार्य
लोक निर्माण विभाग और सीमा सड़क संगठन द्वारा जिले के 15 चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर 1520 मीटर क्रैश बैरियर, 505 मीटर रिटेनिंग वॉल और 280 मीटर ब्रेस्ट वॉल निर्माण हेतु 3.99 करोड़ रुपये का प्रस्ताव परिवहन सचिव को स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
इसके अतिरिक्त संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों में पुलिस व आपदा प्रबंधन के संपर्क नंबरों सहित फ्लैश और चेतावनी साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
जागरूकता अभियान अनिवार्य
आरटीओ और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि वे स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में नियमित सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाएं और मासिक रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को सौंपें। सभी उपमंडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में त्रैमासिक सड़क सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित करने को कहा गया।
ओवरस्पीडिंग व ड्रंकन ड्राइविंग पर सख्ती
पुलिस विभाग को आईटीएमएस प्रणाली के माध्यम से ओवरस्पीडिंग और ड्रंकन ड्राइविंग पर कड़ी निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गुड सेमेरिटन को ₹25 हजार पुरस्कार
उपायुक्त ने बताया कि सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वाले “गुड सेमेरिटन” को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, ताकि लोग बिना डर के आगे आकर सहायता करें।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से कार्य करने और नियमित अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम कुनिका एकर्स, पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, आरटीओ कुल्लू राजेश भंडारी, 84 आरसीसी के ओसी मेजर पारस, 70 आरसीसी के कैप्टन संजय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशल लाल, बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, उप निदेशक शिक्षा रमेश चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





