
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
22 जुलाई 2023

शहर के लुहणू सिंथेटिक ट्रैक पर अब कोई भी युवा अभ्यास कर सकता है। खेल विभाग ने युवाओं को एथलेटिक्स में आगे बढ़ने के लिए मौका दिया है। विभाग ने युवाओं के लिए पंजीकरण योजना शुरू की है। पंजीकरण कराकर युवा अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से युक्त सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास कर सकते हैं। अब तक 20 युवा अपना पंजीकरण करा चुके हैं।
ट्रैक पर अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के तीन कोच प्रशिक्षण दे रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय कोच तरुण शाह खेलो इंडिया सेंटर बिलासपुर, वरिष्ठ राष्ट्रीय कोच भागीरथ और राष्ट्रीय कोच संदीप शर्मा राज्य खेल छात्रावास बिलासपुर में कार्यरत है। कोच खेल छात्रावासों के खिलाड़ियों के साथ बाहर से आने वाले युवाओं को भी प्रशिक्षण दे रहे हैं।
अभी छात्रावासों के खिलाड़ियों को ही अभ्यास की अनुमति
अभी तक सिंथेटिक ट्रैक पर सिर्फ खेल छात्रावासों के खिलाड़ियों को अभ्यास करने की अनुमति थी। अन्य एथलेटिक्स खिलाड़ी छात्र पाठशाला के खेल मैदान में अभ्यास करते हैं। सुविधाओं के अभाव में अभ्यास कर रहे खिलाड़ी स्पर्धा में पिछड़ जाते हैं। जिला खेल अधिकारी रवि शंकर ने ऐसे एथलेटिक्स खिलाड़ियों को सिंथेटिक ट्रैक की सुविधा देने का निर्णय लिया।
अब उनके ही प्रयासों से पंजीकरण योजना शुरू हुई है। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि जिले में एथेलिटिक्स को बढ़ावा देने के लिए ट्रैक सभी खिलाड़ियों के लिए खोला गया है। जिले के बच्चों और युवाओं के पास भी आगे बढ़ने का सुनहरा मौका होगा। विभाग का प्रयास है कि हर खिलाड़ी को उच्च स्तरीय खेल सुविधा उपलब्घ कराई जाए।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





