लेह सड़क हादसे में शिमला के हवलदार विजय शहीद

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

21 अगस्त 2023

Shimla Resident Havaldar Vijay Kumar Killed in Leh ladakh accident

लेह के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में शहीद सभी जवानों की शिनाख्त हो गई है। शिमला (ग्रामीण) की उप तहसील धामी की नेहरा पंचायत के हवलदार विजय कुमार  पुत्र बाबू राम भी शहीद हो गए हैं। सबसे अधिक चार जवान हरियाणा के हैं। सबके शव सैनिक सम्मान के साथ पैतृक गांवों में भेज दिए हैं।

विजय कुमार  217 मीडियम आर्टेलेरी रेजीमेंट में कार्यरत थे। सैन्य अधिकारियों ने परिवार को विजय की शहादत की सूचना दी है। विजय की पार्थिव देह सोमवार को उनके पैतृक गांव डिमन पहुंचेगी। विजय की मां कौशल्या देवी और पत्नी निर्मला का रो-रोकर बुरा हाल है। विजय का बड़ा बेटा दक्ष छह साल जबकि छोटा बेटा अंशुल डेढ़ साल का है।

विजय कुमार 2006-07 में सेना में भर्ती हुए थे। बीते 12 मई को छुट्टी काटकर वह ड्यूटी पर गए थे। पंचायत प्रधान मीरा देवी ने बताया कि विजय छुट्टियों में आते थे तो स्थानीय युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए ट्रेनिंग देते थे। उल्लेखनीय है कि वाहन में 10 सैन्य कर्मी यात्रा कर रहे थे, जिनमें से नौ की मौत हो गई और एक घायल हो गया। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने जताया शोक 
राज्यपाल  शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विजय कुमार, आठ अन्य जवानों की शहादत पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news