# वजन के हिसाब से ही बिकेगा सेब, पैकिंग चाहे 5 किलो की हो या 24 किलो की : नेगी

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

4 जुलाई 2023

प्रदेश में सेब सीजन की शुरुआत हो चुकी है और अर्ली वैरायटी का सेब मंडियों में आना शुरू हो गया है। प्रदेश में पहली बार वजन के हिसाब से सेब बेचा जा रहा है। ऐसे में बागवानों में चिंताएं और कन्फ्यूजन है। बीते दिन बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी जब सरकारी योजनाओं का जायजा लेने पराला मंडी पहुंचे तो बागवानों ने उन्हें घेर लिया।
सेब की 24 किलो की प्रति पेटी में 2 किलो की कटौती पर जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार ने सेब को वजन से बेचने का फैसला बजट सत्र के आखिरी दिन कर दिया था। उन्होंने कहा कि मंडियों में सेब वजन के हिसाब से ही बिकेगा। फिर चाहे बागवान 5 किलो की पैकिंग लेकर आते हैं या 24 किलो की। उन्होंने कहा कि सरकार ने 24 किलो की सीलिंग लगाने का फैसला जनता के हित में देखते हुए किया था, लेकिन यदि इसमें संशोधन की जरूरत है तो सरकार उसके लिए तैयार है और अधिकारियों के साथ बैठकर इसको लेकर फैसला किया जाएगा। वहीं यूनिवर्सल कार्टन की उपलब्धता को लेकर बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सेब को वजन से बेचने का यह पहला साल है। ऐसे में बागवानों को पिछले बचे हुए पैकेजिंग मैटेरियल का नुकसान न झेलना पड़े, इसलिए यूनिवर्सल कार्टन के इस्तेमाल को फ्लैक्सिबल रखा गया है।
पराला सेब मंडी का दौरा करके लौटे जगत सिंह नेगी ने कहा कि उन्होंने पराला सेब मंडी में बन रहे प्रोसेसिंग यूनिट और मार्केट यार्ड का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने मंडी के लिए सड़क के चौड़ीकरण का भी निरीक्षण किया। नेगी ने सेब मंडी में भी बोली में भी हिस्सा लिया। नेगी ने सेब के वजन के हिसाब से अच्छे दामों पर बिकने की बात कही और कहा कि लोगों की ओर से भी सुनने को मिल रहा है कि वजन के हिसाब से सेब बेचे जाने का फैसला सही है, लेकिन सरकार को 24 किलो की अप्पर सीलिंग को हटा देना चाहिए।

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news