
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
11 मार्च 2023
विधानसभा क्षेत्र जवाली में जल शक्ति विभाग में कार्यरत 25 आउटसोर्स कर्मियों को बाहर निकाल दिया गया है। इससे आउटसोर्स कर्मियों में सत्तासीन सरकार के खिलाफ रोष व्याप्त है। आउटसोर्स कर्मी गणेश राज, संतोष कुमार, सुजान सिंह, हितेश, अजय कुमार, साहिल पठानिया, ईशान, सचिन, गोल्डी, मनोज कुमार, रजत, अर्जुन सिंह, मनोज कुमार, वरुण और रजत ने कहा कि हमें पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में चार साल पहले बतौर आउटसोर्स रखा गया था। हम दूरदराज की वाटर सप्लाई स्कीमों में कार्य करते रहे और तीन हजार रुपये पगार मिलती थी। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद थी कि हमारे लिए कोई नीति बनाई जाएगी लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्तासीन होते ही हमको बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस कारण हम बेरोजगार हो गए। उन्होंने मांग की है कि जल शक्ति विभाग में 58 पद रिक्त हैं इसमें तैनाती दी जाए। आउटसोर्स कर्मियों का प्रतिनिधिमंडल भाजपा नेता संजय गुलेरिया से उनके कार्यालय लब में मिला और अपनी व्यथा सुनाई। भाजपा नेता संजय गुलेरिया ने कहा कि प्रदेश की सत्तासीन सरकार को आउटसोर्स कर्मियों को बाहर निकालने की बजाए उनके हित में पॉलिसी बनानी चाहिए। जल शक्ति विभाग जवाली के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने कहा कि इनको कंपनी की ओर से रखा गया था। अब कंपनी का टेंडर रद्द हो गया है तो इन्हें निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि इनको मर्ज करना या न करना सरकार का मामला है। इसमें हम कुछ नहीं कर सकते।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





