वीकेंड पर पर्यटन नगरी के होटलों में दर्ज की गई 80 फीसदी तक बुकिंग

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

4 जून 2023

वीकेंड पर शनिवार को मौसम खुलते ही धर्मशाला और मैक्लोडगंज में सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई। लगातार हो रही बारिश से पर्यटन नगरी पर्यटकों से वीरान चल रही थी, लेकिन मौसम साफ होते ही अब मैक्लोडगंज में पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटने लगा है। इससे मंदी की मार झेल रहे होटल कारोबारियों सहित व्यापारियों और पर्यटन से जुड़े लोगों में आशा की किरण जगी है। पिछले दिनों न के बराबर होटल बुकिंग रहने के बाद इस वीकेंड पर पर्यटन नगरी के होटलों में 80 फीसदी बुकिंग दर्ज की गई।

होटल कारोबारियों की मानें तो हर साल अप्रैल माह में पर्यटन सीजन शुरू हो जाता है, लेकिन इस साल अप्रैल माह में बारिश का दौर जारी रहने के कारण होटल कारोबार को पंख नहीं लग पाए। वहीं मई माह में कारोबार बारिश की भेंट चढ़ गया। हालांकि आईपीएल में कुछ हद तक भरपाई हुई, लेकिन फिर बारिश ने पर्यटन कारोबार को पूरी तरह धो दिया। पर्यटन नगरी में पर्यटकों की आवाजाही से होटल कारोबार सहित छोटे-बड़े दुकानदारों, टैक्सी और रिक्शा चालकों के कारोबार में भी बढ़ोतरी होती है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि मौसम साफ रहने से पर्यटन कारोबार को राहत मिलेगी।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news