
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
26 मार्च 2023
हिमाचल प्रदेश शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष व समस्त कार्यकारिणी ने शारीरिक शिक्षकों की भर्ती शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री का आभार जताया है। शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ललित चौहान ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पीटीआई की भर्ती शुरु करना सरकार का सराहनीय फैसला है।
इससे शिक्षा में गुणवत्ता बढ़ेगी और छात्रों की खेलों की तरफ रुचि बढ़ेगी। संघ ने मांग की कि शारीरिक शिक्षा विषय को अनिवार्य किया जाना चाहिए क्योंकि इससे बच्चों में खेलों के प्रति रूचि बढ़ाकर उन्हें नशे से दूर रखा जा सकता है। संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में डीपीई के पदों को सृजित करने का निर्णय लेगी।
वर्तमान में ऐसे 400 के करीब स्कूलों में डीपीई के पद सृजित नहीं है, जबकि 122 पद रिक्त चले हुए हैं। लंबे समय से डीपीई के पदों को न भरने से पीटीआई से डीपीई के पदों पर होने वाली पदोन्नति प्रक्रिया पिछले दो वर्षों से रूकी है। शारीरिक शिक्षक बिना पदोन्नति सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अगले माह से नए सत्र की शुरुआत हो जाएगी। ऐसे में संघ ने सरकार से मांग की कि डीपीई के पदों को सृजित करने व पिछले दो वर्षों से पीटीआई (शारीरिक शिक्षकों) की पदोन्नति प्रकिया भी शुरू करे।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





