शिमला और हमीरपुर में बनेंगे बड़े बिजनेस सेंटर, 707 करोड़ की योजनाओं को जल्द मिलेगी मंजूरी

शिमला। राजधानी शिमला की सब्जी मंडी में करीब 400 करोड़ रुपये और हमीरपुर के पुराने बस अड्डे पर 150 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बिजनेस सेंटर बनाए जाएंगे। इन परिसरों में बड़े शहरों की तर्ज पर एक ही छत के नीचे सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शिमला में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास जल्द किया जाएगा।

शहरी विकास विभाग ने केंद्र सरकार को 707 करोड़ रुपये की योजनाएं भेजी हैं, जिन्हें शीघ्र स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। बद्दी के समीप प्रस्तावित विश्व स्तरीय ‘हिम चंडीगढ़’ शहर के लिए कंसल्टेंट की नियुक्ति भी जल्द की जाएगी।

सिटीजन कनेक्ट प्रोग्राम में मुख्यमंत्री की घोषणाएं

सोमवार को शिमला में आयोजित सिटीजन कनेक्ट प्रोग्राम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए शहरी स्थानीय निकायों की संख्या 60 से बढ़ाकर 75 की जा रही है।
राजस्व बढ़ाने और कर संग्रह में पारदर्शिता के लिए 36 निकायों में जीआईएस आधारित मैपिंग का कार्य चल रहा है।

नागरिक सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में पहले चरण में शुरू की गई 9 ऑनलाइन सेवाओं में अब तक 2.5 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। दूसरे चरण में 9 नई सेवाएं जोड़ी गई हैं।

एकीकृत नागरिक सेवा केंद्र होंगे स्थापित

47.37 करोड़ रुपये की लागत से 15 क्लस्टर आधारित एकीकृत नागरिक सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां प्रमाणपत्र, लाइसेंस, शिकायत निवारण, आईटी सहायता, लेखा और विधिक परामर्श जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।

कचरे से बनेगी ऊर्जा

हैदराबाद स्थित सीएसआईआर–आईआईसीटी के सहयोग से बायोगैस संयंत्र लगाए जाएंगे, जिससे कचरे से ऊर्जा और जैविक खाद तैयार की जाएगी। स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष 100 में स्थान पाने वाले शहरी निकायों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

चार महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर

आवास और शहरी विकास निगम के साथ सीएसआईआर का समझौता

आईआईसीटी हैदराबाद के साथ बायोगैस संयंत्र स्थापना

नार्वे की कंपनी के साथ कंस्ट्रक्शन व डिमोलिशन वेस्ट मैनेजमेंट

ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के साथ नगर सेवा वितरण समझौता

दुकानदारों को योजना स्वीकृति पत्र

राजीव गांधी लघु दुकानदार सुख कल्याण योजना के तहत नादौन की सुनीता कुमारी, शिमला के लालपानी की गीता, कृष्णानगर के आकाश, सोलन के सुरेश कुमार और विपिन को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

शिमला में बनेगी नई सुरंग

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस महानिदेशालय कार्यालय से आईजीएमसी तक एक नई सुरंग बनाई जाएगी, जिसके लिए सर्वे जल्द शुरू होगा।

20 मिनट की दूरी पर बनेगा ‘हिम चंडीगढ़’

20 हजार बीघा भूमि में चंडीगढ़ के समीप ‘हिम चंडीगढ़’ शहर विकसित किया जाएगा। इसमें से 3400 बीघा जमीन शहरी विकास विभाग के नाम हो चुकी है, जबकि 3700 बीघा और भूमि अधिग्रहित की जाएगी। वन भूमि का संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

हाइड्रोलिक कार पार्किंग का शुभारंभ

शिमला में 27 लाख रुपये की लागत से बनी तीन मंजिला हाइड्रोलिक कार पार्किंग का उद्घाटन किया गया, जिसमें 26 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। सभी नगर निगमों में ऐसी पार्किंग के लिए सर्वे के निर्देश दिए गए हैं।

Share the news