शिमला की ढली सब्जी मंडी में पहाड़ी आलू ने दस्तक दे दी है। शुरुआत में किसानों को 20 से 25 रुपये प्रतिकिलो दाम मिले। कल ढली सब्जी मंडी में ठियोग क्षेत्र से 10 से 12 बोरी आलू की खेप पहुंची। हालांकि किसानो को पहले के मुकाबले आलू के कम दाम मिले हैं। इसकी वजह से किसान मायूस हैं। किसानों का कहना है कि गत वर्ष ढली सब्जी मंडी में पहाड़ी आलू की बिक्री शुरुआत में 25 से 35 रुपये हुई थी। इस बार 20 से 25 रुपये प्रतिकिलो बिका। आलू की फसल इस बार अच्छी हुई है । उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आवक बढ़ने के साथ अच्छे दाम मिलेंगे। वहीं आढ़तियों का कहना है कि मंडी में पहाड़ी आलू अच्छी गुणवत्ता वाला आ रहा है । कुछ दिनों में टुटू और मशोबरा से फसल पहुंचनी शुरू हो जाएगी। सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टू वर्मा ने बताया कि सब्जी मंडी में इन दिनों फूलगोभी, मटर और बीन की खेप पहुंच रही है। पिछले दो दिनों से मंडी में पहाड़ी आलू की फसल पहुंचनी शुरू हो गई है। अभी आलू ठियोग क्षेत्र से ही आया है। आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों से भी इसकी सप्लाई शुरू हो जाएगी