शिमला जिले के ठियोग स्थित सैंज में सोमवार शाम एक युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी।

 

 

 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
मृतक की पहचान रवि कुमार (35), निवासी नलोट, सुंदरनगर, मंडी के रूप में हुई है। कुछ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी, और वह जेसीबी मशीन का मालिक था। हत्या का आरोपी अनिल (24), निवासी अर्की, सोलन है, जो सैंज के भोटका मोड़ पर वर्कशॉप चलाता था। रवि और अनिल आपस में अच्छे दोस्त थे, लेकिन किसी बात पर विवाद के चलते यह घटना हुई।
शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह (47), निवासी बासा सैंज ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 5 बजे रवि उनकी दुकान पर आया और फिर अनिल की वर्कशॉप की ओर चला गया। कुछ मिनट बाद वहां से शोर सुनाई दिया। जब कुलदीप बाहर निकले, तो देखा कि अनिल फोन पर किसी से कह रहा था कि उसने एक व्यक्ति को मार दिया है।
जब कुलदीप दुकान के अंदर पहुंचे, तो रवि लहूलुहान हालत में शटर के पास पड़ा था। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और रवि को उसकी कार (HP31B-8314) में डालकर ठियोग अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में पता चला कि अनिल ने अपनी वर्कशॉप में रखे औजारों से रवि पर हमला कर हत्या कर दी। मौके से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा। SHO ठियोग जसवंत सिंह मामले की जांच कर रहे हैं और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share the news