
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
2 मई 2023
हिमाचल प्रदेश में नगर निगम शिमला के चुनाव और पंचायती राज संस्थाओं की 92 सीटों के उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। नगर निगम पालमपुर के एक वार्ड सहित तीन शहरी निकायों के वार्डों के लिए भी मतदान जारी है। मतदान सुबह 8:00 से शुरू हुआ और 4:00 बजे तक जारी रहेगा। शिमला नगर निगम चुनाव के लिए दोपहर 12:00 बजे तक करीब 29 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि 2:00 बजे तक मतदान का प्रतिशत 43.6 तक पहुंच गया।
पंचायत प्रधान, उपप्रधान और सदस्यों के मतों की गणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय में होगी। शहरी निकायों की मतगणना भी संबंधित मुख्यालय में चुनाव के बाद होगी। नगर निगम शिमला और पालमपुर के लिए मतों की गिनती चार मई को सुबह 10:00 बजे की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नगर निगम शिमला के सामान्य चुनाव के अलावा अन्य शहरी निकायों में नगर निगम पालमपुर, नगर पंचायत ज्वाली, जिला कांगड़ा, नगर पंचायत राजगढ़ जिला सिरमौर के एक- एक वार्ड एवं पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न पदों का मतदान शामिल है। चुनाव अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला ने 10 अति संवेदनशील व 50 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया की वेबकास्टिंग के सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं। उल्लेखनीय है कि पंचायती राज संस्थाओं के 222 में से 130 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। अब 92 सीटों के लिए मतदान हो रहा है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





