
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
2 मई 2023

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नगर निगम चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। शहर के 153 मतदान केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे से ही मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई थी। शहरवासी शाम 4:00 बजे तक अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर मतदान कर सकेंगे। मतदान को लेकर युवाओं से लेकर महिलाओं व बुजुर्गों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लाइनें लग गई थीं।
लोग लाइनों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। 34 वार्डों के लिए हो रहे नगर निगम चुनाव में इस बार 102 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 93,920 मतदाता इस बार अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। जिला निर्वाचन आयोग ने चुनाव संबंधी सभी तैयारियां सोमवार शाम को ही पूरी कर दी हैं। शहर के मतदान केंद्रों पर करीब 1000 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर कर्मचारियों से लेकर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
नगर निगम चुनाव में इस बार 102 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें दो पूर्व महापौर समेत 29 पूर्व पार्षद भी शामिल हैं। इस बार के चुनाव में इनकी प्रतिष्ठा भी दाव पर लगी है। शहर के चार वार्डों फागली, पटयोग, कृष्णानगर, कनलोग में पूर्व पार्षद इस बार आमने सामने होंगे। इनमें मुकाबला रोचक है।
नाभा में निवर्तमान पार्षद के सामने पिछले चुनाव में मैदान में उतरी हेमा इस बार फिर चुनौती पेश कर रही है। भाजपा से बागी आरती चौहान इंजनघर वार्ड से जबकि कांग्रेस से बागी पूर्व मेयर सोहनलाल कृष्णानगर वार्ड से बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।





