शिमला में संदिग्ध गतिविधियों बांग्लादेशी मुसलमान मंदिरों में घूमने वाले की शिकायत का पुलिस ने किया फैक्ट चेक, आरोप निराधार पाए गए



शिमला, 28 मार्च 2026:
27 मार्च को पुलिस को एक शिकायत पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें एक व्यक्ति पर सोशल मीडिया पर स्वयं को बांग्लादेशी मुस्लिम बताकर शिमला में अलग वेशभूषा में घूमने और मंदिरों व बाजारों में लोगों से पैसे ऐंठने के आरोप लगाए गए थे।

शिकायत में यह भी कहा गया था कि संबंधित व्यक्ति कालीबाड़ी मंदिर सहित लोअर बाजार और मिडल बाजार में साड़ी पहनकर लोगों से धन वसूल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।

जांच के दौरान उक्त व्यक्ति की पहचान इस्लाम मोहम्मद शाहिदुल्ल पुत्र मुहम्मद शरीफ अली, निवासी राजशाही (बांग्लादेश) के रूप में हुई, जो वर्तमान में शिमला स्थित APG यूनिवर्सिटी में BJMC का छात्र है और चौथे सेमेस्टर में अध्ययनरत है।

पूछताछ में सामने आया कि वह किन्नर समुदाय से संबंध रखता है और काली माता का भक्त है। इसी कारण वह कालीबाड़ी मंदिर, जाखू मंदिर और नवरात्रों के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर जाता रहा है।

पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि अब तक किसी भी व्यक्ति द्वारा उससे पैसे ऐंठने की कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। हालांकि, यदि कोई व्यक्ति स्वेच्छा से कुछ धन देता है, तो वह उसे स्वीकार कर लेता है।

महत्वपूर्ण बात यह रही कि जांच के दौरान उसके सभी दस्तावेज—पासपोर्ट, स्टडी वीज़ा (Type S-1), स्टे वीज़ा तथा नेशनल आईडी—पूरी तरह वैध पाए गए। साथ ही यूनिवर्सिटी से संबंधित दस्तावेज भी सही पाए गए।

पुलिस के अनुसार, मामले में फिलहाल कोई आपराधिक तत्व सामने नहीं आया है, हालांकि एहतियात के तौर पर जांच अभी जारी है।
Share the news