
हिमाचल प्रदेश दृष्टिबाधित संघ के सदस्यों ने सोमवार को राज्य सचिवालय के बाहर फिर प्रदर्शन किया। इस दाैरान दृष्टिबाधित छोटा शिमला पुलिस थाने के सामने सड़क पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। इससे यातायात बाधित हो गया। सुबह करीब 10:00 बजे से दृष्टिबाधित सड़क पर बैठ गए। इस कारण ट्रैफिक पूरी तरह से बंद रहा। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
संघ बीते लंबे समय से बैकलॉग की भर्तियों की मांग कर रहा है। बीते 7 अप्रैल व 27 मार्च को भी दृष्टिबाधितों ने चक्का जाम किया था। इस दौरान पुलिस और दृष्टिबाधितों के बीच धक्कामुक्की के दौरान एक दृष्टिबाधित मुख्य सड़क से नीचे पार्किंग की नाली में गिर गया था। इस व्यक्ति को चोटें आई हैं। पुलिस ने इसे आईजीएमसी में भर्ती करवाया था।





