

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
16 नवंबर 2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को बाली में G-20 शिखर सम्मेलन के एक कार्यक्रम में हाथ मिलाया। 15 नवंबर की शाम को बाली के गरुड़ विष्णु केंकन कल्चरल पार्क में डिनर के दौरान राष्ट्राध्यक्ष लजीज व्यंजनों का आनंद ले रहे थे उसी दौरान मेजबान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने अपने मेहमानों को संबोधित किया। जोको विडोडो ने कहा कि हमने जो व्यंजन आपके लिए बनाए हैं आप उसका आनंद लीजिए, मैं उम्मीद करता हूं कि ये डिश महानुभावों के लिए बहुत मसालेदार नहीं है।
द्विपक्षीय बैठक को लेकर अभी फैसला नहीं
G-20 शिखर सम्मेलन से इतर दोनों नेताओं की संभावित द्विपक्षीय बैठक को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन दोनों पक्षों द्वारा शेयर किए गए एजेंडा में ऐसी किसी बैठक का उल्लेख नहीं है। पीएम मोदी और शी इंडोनेशियाई राष्ट्रपति द्वारा आयोजित डिनर में भाग ले रहे थे। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत के बारे में पूछे जाने पर आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि डिनर के समापन पर दोनों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया।
गलवान घाटी में दोनों देशों के बीच जून 2020 में हुए संघर्ष में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। उसके बाद दोनों नेताओं की आमने-सामने की कोई बैठक नहीं हुई है। भारत लगातार कहता रहा है कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर शांति द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी सितंबर में समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में आमने-सामने आए थे। समझा जाता है कि वहां उनकी कोई अलग बैठक नहीं हुई थी, हालांकि ऐसा माना जाता है कि उन्होंने एक-दूसरे का अभिवादन किया होगा। बाली में, डिनर के अंत में दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया।
वीडियो के अनुसार उन्होंने संक्षिप्त बातचीत भी की। इसके बाद कैमरे का रुख बदल गया और प्रसारण समाप्त हो गया। डिनर कुछ हद तक अनौपचारिक माहौल में गरुड़ विष्णु केंकाना सांस्कृतिक पार्क में आयोजित किया गया था। इस दौरान नृत्य प्रस्तुतियां भी की गईं। शी ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी। पीएम मोदी यहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति विडोडो के निमंत्रण पर G-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए हैं।





