शुरतंग नाले में भूस्खलन की चपेट में आई पिकअप, बाल-बाल बचा चालक

#खबर अभी अभी रोहतांग ब्यूरो*

16 अप्रैल 2024

मनाली-लेह मार्ग में सिस्सू के पास सेल्फी प्वाइंट में भूस्खलन होने से हाईवे-तीन नौ घंटे तक बंद रहा। रात के समय हुए हादसे में एक जीप चपेट में आ गई। इसमें चालक बाल-बाल बच गया है। हादसे के बाद निगम की बसें भी फंसी रहीं। आपदा के समय सड़क धंसने और अब पहाड़ी से हो रहा भूस्खनल बीआरओ के लिए चुनौती बन गया है। हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा धंसने से तहस नहस होने की कगार पर है।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब एक बजे सेल्फी प्वाइंट से मशहूर सिस्सू के नर्सरी में शुरतंग नाला की पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ। इसमें एक जीप भी फंस गई। सूचना मिलते ही नर्सरी स्थित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन चालक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गनीमत रही कि गाड़ी पर मलबा और पत्थर नहीं गिरे। मुख्य सड़क बंद होने के कारण नर्सरी-शुरतंग-तेलिंग संपर्क मार्ग से अटल टनल की ओर छोटे वाहनों को भेजा गया। निगम की बसों सहित अन्य बड़े वाहनों को सुबह 10:00 बजे के बाद भेजा गया। सीमा सड़क संगठन की मशीनरी मौके पर पहुंची और सड़क को बहाल करने का काम शुरू किया गया।

जुलाई 2023 में आई बरसात में मनाली-लेह मार्ग सिस्सू के समीप शुरतंग नाला में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्च में भारी बर्फबारी के बाद यहां दरार आने से सड़क को और भी खतरा हो गया है। बीआरओ 94 आरसीसी के अधिकारी बीडी धीमान ने बताया कि सोमवार रात एक बजे के आसपास भूस्खलन होने से मनाली-केलांग-लेह मार्ग पर एक पिकअप भी फंस गई थी। मंगलवार सुबह पिकअप को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया है। सुबह 10:00 बजे हाईवे में यातायात बहाल कर दिया है। संवाद

Share the news