शूलिनी विश्वविद्यालय में छात्र की मौत पर बवाल, एबीवीपी ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

सोलन |
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला सोलन ने शूलिनी विश्वविद्यालय प्रशासन पर एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिषद का कहना है कि यह घटना प्रशासन की लापरवाही और छात्रों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैये का परिणाम है।

जिला संयोजक बृजेश कंवर ने बयान जारी करते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे छात्र समुदाय को झकझोर दिया है और प्रदेशभर में आक्रोश का माहौल है। विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि संस्थान के भीतर लंबे समय से गंभीर समस्याएं बनी हुई थीं, जिन्हें नजरअंदाज किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि मृत छात्र मानसिक दबाव, शैक्षणिक तनाव और प्लेसमेंट से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहा था, लेकिन उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। कंवर ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन संवेदनशीलता दिखाता, तो यह दुखद घटना टाली जा सकती थी।

एबीवीपी ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की सच्चाई को सामने आने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिषद ने स्पष्ट किया कि जब तक निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

साथ ही एबीवीपी ने प्रदेश सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए विश्वविद्यालयों में छात्र सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य सहायता को प्राथमिकता देने की बात कही है। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा और इस मुद्दे को सड़कों से लेकर सदन तक उठाया जाएगा।

— जारीकर्ता: बृजेश कंवर, जिला संयोजक, एबीवीपी सोलन

Share the news