श्मशान घाट में नहीं खेत में होगा सिंगर सिद्धू मूसेवाला का अंतिम संस्कार

मानसा स्थित पैतृक गांव मूसा में रखा गया है अंतिम दर्शन के लिए शव
उनके फेवरेट 5911 ट्रैक्टर पर निकाली जाएगी मूसेवाला की अंतिम यात्रा
पंजाब:-
मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का अंतिम संस्कार आज होगा। इसके लिए दोपहर करीब 12 बजे का वक्त तय किया गया है। उनका शव अंतिम दर्शन के लिए उनके मानसा स्थित पैतृक गांव मूसा में रखा गया है। इस मौके पर प्रशंसकों की भारी भीड़ वहां पहुंची है। मंगलवार सुबह ही उनका शव परिवार को सौंपा गया। मूसेवाला का अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में नहीं बल्कि उनके खेत में किया जाएगा। जहां वह खुद ही खेती करते थे।

मूसेवाला की अंतिम यात्रा उनके फेवरेट 5911 ट्रैक्टर पर निकाली जाएगी। मूसेवाला ने अपने कई पंजाबी गीतों में इस ट्रैक्टर का जिक्र किया है। इसे मोडिफाई करवाकर भी उन्होंने घर में रखा हुआ था।

रविवार शाम गोलियां मारकर कर दी गई हत्या

मूसेवाला का रविवार शाम जवाहरके में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। 5 डॉक्टरों के बोर्ड ने कल उनका पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों को गोलियों के 24 निशान मिले हैं। उनके सिर, पैर, छाती और पेट को बुरी तरह से गोलियों से छलनी किया गया था। मूसेवाला के बाएं फेफड़े और लिवर में गोली लगी है। इसी वजह से बहुत ज्यादा खून बह जाने से मौके पर ही उनकी मौत की संभावना व्यक्त की जा रही है।

Share the news