
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*
25 अगस्त 2023
जानकारी के अनुसार मां चिंतपूर्णी दरबार में श्रावण अष्टमी के अवसर पर वीरवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। देखते ही देखते मंदिर के बाहर बाजार तक सड़कें श्रद्धालुओं से भर गई। शाम छह बजे तक करीब 44,500 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया। इसमें से करीब 3000 श्रद्धालुओं ने लिफ्ट का प्रयोग कर दर्शन किए। इस दौरान कतारों में लगे श्रद्धालुओं को चार से पांच घंटे मां के दर्शन करने में लगे। अष्टमी पर उमड़ी भीड़ के बीच लिफ्ट का इस्तेमाल करने के लिए बड़ी संख्या में भक्त उमड़ पड़े। यह भी एक कारण रहा, इससे कतारों की गति धीमी हो गई। क्योंकि लिफ्ट से कई श्रद्धालु सीधे मंदिर पहुंच रहे थे। कतारों की गति इतनी धीमी रही कि दोपहर के समय तो कई श्रद्धालु थककर कतारों के बीच ही बैठकर आराम करने लगे। उधर, श्रावण अष्टमी पर जुटने वाली अनुमानित भीड़ के लिहाज से सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कम नजर आई।
ध्यान रहे कि मां चिंतपूर्णी मंदिर में बीते दिनों शुरु की गई 1,100 रुपये की सुगम दर्शन पास सुविधा का लाभ श्रद्धालु जमकर उठा रहे हैं। वीरवार को दोपहर तीन बजे तक 360 से अधिक श्रद्धालुओं ने इस सुविधा का इस्तेमाल कर लिफ्ट के जरिए मां की पावन पिंडी के दर्शन किए। जिससे करीब चार लाख रुपये एकत्रित किए गए।
श्रावण नवरात्र मेले को लेकर गगरेट क्षेत्र से लेकर मुबारिकपुर होते हुए मां चिंतपूर्णी मंदिर तक बीते एक सप्ताह से विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के लंगर लगे रहे थे। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों ने भी लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। वीरवार को अष्टमी मेले के साथ ही लंगरों का दौर भी समाप्त हो गया।
मां चिंतपूर्णी मंदिर में कुछ दुकानदार बैकडोर एंट्री करवाते हैं। इस कारण श्रद्धालुओं की कतारें प्रभावित होती हैं। प्रशासन की ओर से इन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की योजना बनाई जा रही है। शनिवार रात गेट नंबर एक से पुराना बस स्टैंड वाली तरफ पूरी सड़क श्रद्धालुओं से पैक रही। उचित संख्या में सुरक्षा बल भी नहीं थे
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*





