
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
30 जून 2023

समुद्रतल से 18,570 फीट ऊंची दुनिया की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव के दर्शन के लिए देशभर के श्रद्धालु उत्सुक हैं। इस बार यह यात्रा और भी कठिन होने वाली है। भक्तों को पांच किलोमीटर तक बर्फ में कदमताल करनी होगी। इससे पहले एक से दो किलोमीटर तक ही बर्फ रहती थी। बताया जा रहा है कि इस साल जून के पहले हफ्ते तक श्रीखंड महादेव की पहाड़ियों में बर्फ के फाहे गिरते रहे। ऐसे में महादेव की यात्रा और भी मुश्किल हो सकती है।
इसका खुलासा पिछले सप्ताह सिहंगाड़ से श्रीखंड महादेव जाने वाले रास्ते का निरीक्षण करने गई श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट की टीम ने किया है। अब टीम ने इसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी है। श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट के संस्थापक सदस्यों का दावा है कि सात जुलाई से शुरू होने वाली श्रीखंड यात्रा तक पार्वती बाग से श्रीखंड महादेव तक जो बर्फीला रास्ता है, उसे पैदल चलने योग्य तैयार किया जाएगा। यात्रा को सफल बनाने के लिए श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट ने सभी तरह के इंतजाम उपलब्ध करवाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
श्रद्धालुओं के लिए कई धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की ओर से जगह-जगह लंगर की भी व्यवस्था की जा रही है। श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य बीएस ठाकुर ने कहा कि पूरे रास्ते की मरम्मत की जा रही है। साथ ही बर्फ से ढके रास्ते को भी पैदल चलने योग्य बनाया जा रहा है। यात्रा शुरू होने तक यह काम पूरा हो जाएगा। एसडीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट की टीम ने 32 किलोमीटर पैदल यात्रा के रास्ते का निरीक्षण किया है। इसमें पार्वती बाग से लेकर श्रीखंड महादेव तक का रास्ता पूरा बर्फ से ढका है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





