
#खबर अभी अभी बद्दी ब्यूरो*
9 जुलाई 2024
राजस्थान के सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने कहा है कि इन उप चुनावों से प्रदेश सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला लेकिन नालागढ़ की जनता के सामने यह मौका है जब वह गत विधानसभा चुनावों में हुई गलती को सुधार सकती है और बावा हरदीप सिंह को जिता कर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हाथ मजबूत करके नालागढ़ में विकास का नया अध्याय जोड़ सकती है। पायलट पंजैहरा में बावा हरदीप सिह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पिछली बार जब वे हिमाचल पहुंचे थे तब उन्होंने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के लिए प्रार करके गए थे और उन्हें खुशी है कि हिमाचल की जनता ने भाजपा के डबल इंजन की सरकार के शिगूफे की हवा निकालते हुए हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनाने का जनमत दिया। उन्होंने कहा कि इस बार नालागढ़ की जनता के सामने मौका है कि वह शेष तीन सालों के लिए बावा हरदीप सिह को जिता कर सदन में भेजें और नालागढ़ के विकास की नई गाथा लिखें।
इस मौके पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी अपनी चिरपरिचित शैली में निर्वतमान विधायक केएल ठाकुर पर खूब तंज कसे। उन्होंने जनता से कहा कि भाजपा ने पिंजरा लगा कर उसमें नोट रूपी रोटी लगाई और चूहा फंस गया। अब नालागढ़ की जनता का दायित्व है कि वह पिंजरे में फंसे हुए चूहे को दूर लेजाकर छोड़ कर आए उन्होंने कहा कि नालागढ़ की जनता ने आज तक अनाज मंडी, सब्जी मंडी और फल मंडी तो देखी थीं लेकिन विधायकों की मंडी के दर्शन पहली बार किए। जनता अब बिके हुए माल को दोबारा से विधान सभा में नहीं भेजने वाली।





