

शिमला | कैबिनेट के बाद मीडिया ब्रीफिंग के लिए आए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों से संबंधित सवालों का जवाब भी दिया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के सभी मंत्री और कांग्रेस के सभी विधायक चट्टान की तरह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ हैं। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की बैठक में सभी मंत्री मौजूद थे। इसलिए सरकार के भीतर सब ऑल इज वेल है।हर्षवर्धन सिंह चौहान ने दावा किया कि वर्तमान कांग्रेस की सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। हर्षवर्धन सिंह चौहान ने कहा कि मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में टीसीपी नियमों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर भी शिक्षा विभाग से प्रेजेंटेशन दी जा सकती है।
हर्षवर्धन सिंह चौहान ने कहा कि रिटायरमेंट एज को बढ़ाने को लेकर कोई मामला सोमवार को कैबिनेट में नहीं आया था। संभव है कि मंगलवार को इस बारे में कोई चर्चा हो। लगातार दो दिन कैबिनेट करने के सवाल के जवाब में उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार को कुछ फैसलों पर लंबी चर्चा के लिए वक्त चाहिए था, इसलिए लगातार बैठकें बुलाई गई हैं।
बागबानी सेवा संघ ने ट्रेनी नियुक्ति का स्वागत किया
प्रदेश में नई सरकारी नियुक्तियां अनुबंध आधार पर नहीं, बल्कि दो वर्ष की ट्रेनी कर्मचारी/अफसर के रूप में करने के फैसले का हिमाचल प्रदेश बागबानी सेवा संघ ने स्वागत किया है। संघ के अध्यक्ष डा. रंजन शर्मा ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश सरकार की दूरदर्शिता और युवा हितैषी सोच का प्रमाण है।



