सरकाघाट में तेंदुए का आतंक खत्म, वनकर्मी पर हमले के बाद सफल सर्च ऑपरेशन

सरकाघाट (मंडी)।
पिछले कल सरकाघाट क्षेत्र में तेंदुए द्वारा एक वनकर्मी पर किए गए हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। हमले में वनकर्मी घायल हुआ, हालांकि हेलमेट पहने होने के कारण उसके चेहरे पर केवल हल्की चोटें आईं। यदि हेलमेट नहीं होता तो कोई गंभीर हादसा हो सकता था।

घटना के बाद वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आज तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान वन विभाग की टीमों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। संयुक्त प्रयासों से सर्च ऑपरेशन सफल रहा और हमलावर तेंदुए को पकड़ लिया गया।

बताया जा रहा है कि तेंदुए को बेहोश कर पिंजरे में डालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके।

गौरतलब है कि इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में भय का माहौल इसलिए भी था क्योंकि मंडी जिले में कुछ दिन पहले तेंदुए के हमले में कई लोग घायल हुए थे, जबकि एक व्यक्ति की जान भी चली गई थी। इसी कारण सरकाघाट की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी थी।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

Share the news