सरकाघाट हत्याकांड पर भाजपा ने उठाए सवाल, बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार घिरी

कुनिहार
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा उपाध्यक्ष प्रतिभा कंवर ने मंडी जिले के सरकाघाट में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की हत्या के मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार जमीन घोटालों को दबाने में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।

जारी बयान में उन्होंने कहा कि सरकाघाट में दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या ने प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि नशे का जाल युवाओं को किस तरह अपनी गिरफ्त में ले रहा है।

प्रतिभा कंवर ने कहा कि इससे पहले भी मंडी में एक बौद्ध भिक्षु की हत्या के मामले में नशेड़ियों की संलिप्तता सामने आई थी। ऐसे मामलों से प्रदेश सरकार के नशा रोकने और महिला सुरक्षा के दावों की पोल खुल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दुष्कर्म, महिलाओं से मारपीट और तेजाब कांड जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी से आम जनता में भय का माहौल बन रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितने भी दावे कर ले, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात चिंताजनक हैं और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में है। उन्होंने मांग की कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

भाजपा उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि बेटियों की सुरक्षा आज सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से साफ है कि नशेड़ी तत्व बेखौफ होकर सक्रिय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल अपने चहेतों को बचाने में लगी है और आम जनता को सुविधाओं के नाम पर केवल बयानबाजी ही मिल रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार न तो अपने वादों को पूरा कर पा रही है और न ही प्रदेश में सुरक्षित माहौल बना पा रही है। मुख्यमंत्री के बड़े-बड़े दावों के बावजूद अब सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है और आने वाले समय में सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

Share the news