
मंडी,
13 अप्रैल 2026 — स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी ने सरकाघाट के गोपालपुर में 19 वर्षीय छात्रा एवं SFI कार्यकर्ता सिया गुलेरिया की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घटना की कड़ी निंदा की है।
सिया गुलेरिया, जो सरकाघाट के नैण गांव की निवासी और BBA प्रथम वर्ष की छात्रा थीं, अपनी परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में दो बाइक सवार हमलावरों ने उन पर हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
SFI राज्य कमेटी ने इस जघन्य अपराध की निंदा करते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार से मांग की है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाए। कमेटी ने यह भी कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी नशे की हालत में था, जिससे प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या की गंभीरता उजागर होती है।
कमेटी ने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की तत्काल आवश्यकता है।





