
सराहां क्षेत्र में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब उपमंडल पच्छाद के अंतर्गत बनाहा धीन्नी पंचायत के काहन पेट्रोल पंप के समीप एक पानी के टैंक में तेंदुआ फंसा हुआ देखा गया। सुबह-सुबह पेट्रोल पंप के आसपास रहने वाले लोगों ने तेंदुए की चिल्लाने की आवाज सुनी, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय सराहां को दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी रीना ठाकुर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से टैंक से बाहर निकाला।
वन परिक्षेत्र अधिकारी रीना ठाकुर ने बताया कि काहन गांव के समीप पेट्रोल पंप के पास ग्रामीणों का एक पानी का टैंक बना हुआ है, जो खाली था। संभवतः पानी की तलाश में तेंदुआ टैंक में उतर गया, लेकिन बाहर निकलने में असमर्थ रहा। वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए तेंदुए का रेस्क्यू किया और बाद में उसे पास के घने जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि खुले टैंकों और गड्ढों को ढककर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।





