
जिला किन्नौर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांगला में आयोजित जिला स्तरीय होली महोत्सव में कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और स्थानीय लोगों के साथ रंगों का त्योहार उत्साहपूर्वक मनाया।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों व प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पारंपरिक त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति की पहचान हैं और इन्हें मिलजुल कर मनाने से सामाजिक एकता और मजबूत होती है।
कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित लोगों और पर्यटकों ने भरपूर आनंद लिया।
हर वर्ष सांगला की होली में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व पर्यटक शामिल होते हैं, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलती है और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।





