
#खबर अभी अभी नाहन ब्यूरो*
15 जुलाई 2024
सिरमौर पुलिस ने नाहन में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने शहर के बाल्मीकि मोहल्ला में एक परिवार के तीन लोगों को नशे की भारी भरकम खेप और लाखों की नकदी के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पहली बार ऐसा हुआ जब पुलिस ने नशे के अवैध धंधे में संलिप्त पिता, बेटे और पोते को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एएचटीयू/डब्ल्यूपीएस नाहन (डिटेक्शन सेल) इस बड़े सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया है। ऑपरेशन के दौरान टीम ने आरोपियों के कब्जे से 336 स्पासमैक्स ट्रैमाडोल कैप्सूल, 159.80 ग्राम चरस, 38.10 ग्राम अफीम, 23.34 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ साथ 24,40,000 रूपये की राशि बरामद की है।
इस मामले में पुलिस ने प्रेमचंद (71) पुत्र स्व. बच्चन राम, निवासी मकान नंबर 372/11, रेडक्रॉस रोड, पेट्रोल पंप, बाल्मीकि बस्ती नाहन, सागर (44) पुत्र प्रेमचंद निवासी मकान नंबर 372/11, रेडक्रॉस रोड, पेट्रोल पंप, बाल्मीकि बस्ती नाहन और संग्राम उर्फ अंशुल (21) पुत्र सागर निवासी मकान नंबर 372/11, रेडक्रॉस रोड पेट्रोल पंप, बाल्मीकि बस्ती नाहन जिला सिरमौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम ने ये कार्रवाई उनके घर पर अमल में लाई तीनों के खिलाफ पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडी एंड पीएस) अधिनियम की धारा 18, 20, 21, 22,29 -61-85 के तहत सदर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज किया है. ये नशा माफिया लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे मामले की पुष्टि एसएसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आगामी कार्रवाई में जुटी है।





