
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए बताया कि रेणुका जी बांध परियोजना ददाहू के अंतर्गत द्वितीय चरण में प्रभावित मुख्य परियोजना प्रभावित गृहविहीन परिवारों की विस्तृत सूचियां जारी कर दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि ये सूचियां उपायुक्त जिला सिरमौर की आधिकारिक वेबसाइट (hpsirmaur.nic.in) पर अवलोकन के लिए उपलब्ध हैं। इसके अलावा आम जनता की सुविधा के लिए संबंधित पटवार वृत ददाहू और पंचायत कार्यालय पनार में भी 13 फरवरी से 28 फरवरी, 2026 तक अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेंगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिन व्यक्तियों की भूमि अथवा मकान इस परियोजना के तहत अधिग्रहित हुए हैं और उनका नाम सूची में शामिल नहीं है, या किसी का नाम गलत तरीके से सम्मिलित हो गया है, वे अपना दावा या आक्षेप लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।
दावा या आक्षेप हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के रेणुका जी बांध परियोजना कार्यालय ददाहू, जिला सिरमौर तथा तहसीलदार ददाहू के कार्यालय में 13 फरवरी से 28 फरवरी, 2026 तक प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक द्वारा भेजे जा सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त होने वाले दावे या आक्षेप स्वीकार नहीं किए जाएंगे।





