
#खबरे अभी अभी सोलन ब्यूरो*
12 नवम्बर 2022
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मुरहाग पंचायत स्थित मतदान केंद्र आहौंण (44) में परिवार सहित मतदान किया। बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सराज विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व बीते 25 वर्षों से कर रहे हैं। इस बार वे सातवीं बार यहां से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में सराज के मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार वे विधायक के लिए नहीं बल्कि मुख्यमंत्री के लिए मतदान करने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते ढाई दशकों से सराज के लोगों ने जयराम ठाकुर को ही अपना जनप्रतिनिधि चुना जो काफी अहम है। सराज विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सराज की हर जरूरत को समझते हैं। यही कारण है कि सराज के हर गांव का समग्र विकास हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस विधानसभा क्षेत्र में सबसे जरूरी सड़कें थी और सीएम जयराम ने सड़कों के निर्माण में प्राथमिकता दी है।
लोगों का कहना है कि बीते पांच वर्षों में जहां सरकारी कार्यालयों, शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थानों की जरूरत थी वहां उन्हें खोला गया है। ऐसे में उन्हें काफी राहत मिली है। पार्टी कार्यकर्ताओं की मानें तो पूरा सराज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ है। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने समस्त प्रदेशवासियों से शनिवार को बढ़चढ़ कर मतदान करने की अपील की है।
#खबरे अभी अभी सोलन ब्यूरो*





