#सीएम योगी बोले- कांग्रेस ने भारत को पिछलगू राष्ट्र बना दिया, आज हम नेतृत्वकर्ता *
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
02 नवंबर 2022
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होगा। 8 दिसंबर को नतीजे घोषित होंगे। चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हैं। भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी बुधवार को पहली बार किन्नौर के कल्पा में अपने घर से बैलेट पेपर से मतदान करेंगे। वहीं, सीएम योगी भी आज हमीरपुर के बड़सर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
दुनिया भारत का अनुसरण कर रही
हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत का किसी का पिछलगू नहीं बल्कि दुनिया भारत का अनुसरण कर रही है। कांग्रेस ने 70 साल शासन किया। कांग्रेस चाहती तो हिमाचल प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेत खोल सकती थी लेकिन काम करने की मंशा नहीं थी। वैश्विक मंच पर कांग्रेस ने भारत को पिछलगू राष्ट्र बना दिया, आज हमारा देश पिछलगू नहीं नेतृत्वकर्ता के रूप में पीएम मोदी के नेतृत्व में काम कर रहा है। अन्नदाता किसानों के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने किसानों के कल्याण के लिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना शुरू की। दस लाख किसान हिमाचल में पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ उठा रहे हैं।
कभी सोचा था कि हिमाचल को एम्स मिलेगा
बिलासपुर के पंजगाईं में चुनावी जनसभा में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि मोबाइल बनाने में भारत, दुनिया में दूसरे स्थान पर आ गया है। स्टील उत्पादन में हम दूसरे नंबर पर आ गए हैं। सौर ऊर्जा में हम पांचवें नंबर हैं, ब्रिटेन को पछाड़ कर भारत पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। कभी सोचा था कि हिमाचल को एम्स मिलेगा? 24 करोड़ जनसंख्या वाले उत्तर प्रदेश को भी एम्स मिला और 60 लाख वाले हिमाचल को भी एम्स मिला। ये है डबल इंजन सरकार का फायदा।
विजन डॉक्यूमेंट जारी करेंगे नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 4 नवंबर को भाजपा का विजन डॉक्यूमेंट जारी करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने यह जानकारी दी।
योगी बोले- कांग्रेस खो रही अस्तित्व
हमीरपुर के बड़सर विधानसभा क्षेत्र में बुम्वलू में चुनावी जनसभा में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के नागरिकों में पहाड़ जैसी दृढ़ता भी है, लेकिन पानी जैसी संवेदना भी है। इसलिए हिमाचल प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार आवश्यक है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के एजेंडे में विकास नहीं है, विरासत का सम्मान नहीं है, सैनिकों का सम्मान भी नहीं है। कांग्रेस के एजेंडे में केवल एक खानदान का विकास है। इन्होंने विकास के नाम पर भ्रष्टाचार की नई-नई परतें बनाईं, जिनका खामियाजा देश ने भुगता, कीमत नौजवानों ने चुकाई, विकास अवरुद्ध हुआ। प्रकृति के आंचल में बसे हिमाचल प्रदेश के जनपद हमीरपुर की देवतुल्य जनता का यह आह्लाद राष्ट्रवाद की प्रचंड विजय का उद्घोष है। बड़सर विधान सभा क्षेत्र की विकासोन्मुखी जनता ने ठाना है, यहां हर बूथ पर कमल खिलाना है।
60 साल तक सरकार चलाने के बाद भी माताओं-बहनों को शौचालय नहीं दे पाए
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सभी चाहते थे कि अयोध्या में राम मंदिर बने, लेकिन तुष्टीकरण की राजनीति के कारण कांग्रेस पार्टी राम मंदिर बनाना नहीं चाहती थी। वो कहते थे मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तिथि नहीं बताएंगे। राहुल गांधी से पूछा कि तिथि चली भी गई और 2024 में अयोध्या चले जाना, गगनचुंबी राम मंदिर वहां दिखाई पड़ेगा। 7 लाख परिवारों को मुफ्त में अनाज देने का काम मोदी सरकार ने किया है। 9 लाख से अधिक किसानों को सालाना 6 हजार रुपए उनके खाते में भेजने का काम किया। 8 लाख 76 हजार परिवारों को घर में नल से जल पहुंचाने का काम किया। हिमाचल में आयुष्मान भारत के तहत 4 लाख परिवारों को 5 लाख तक मुफ्त इलाज मिल रहा है। 60 साल तक सरकार चलाने के बाद भी, चार-चार पीढ़ी तक सरकार चलाने के बाद भी माताओं-बहनों को शौचालय नहीं दे पाए थे। आज हिमाचल के हर घर में पीएम मोदी और जयराम ठाकुर ने शौचालय बनवाने का काम किया है।
परिवारवाद से ग्रसित है कांग्रेस
हमीरपुर जिले के नादौन में चुनावी जनसभा में पुहंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक ओर कांग्रेस पार्टी है, जो परिवारवाद से ग्रसित है। दूसरी ओर पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी है, जिसका लक्ष्य है भारत को दुनिया में नंबर वन बनाना। हिमाचल को देश में प्रथम बनाना। 40 साल से वन रैंक वन पेंशन की मांग की जा रही थी, लेकिन कांग्रेस के कान बहरे हो गए थे, उन्हें सुनाई नहीं पड़ता था। जब आपने 2014 में मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, पीएम मोदी ने 2015 में वन रैंक वन पेंशन लागू कर दिया।
सोनिया गांधी की 10 साल सरकार रही, अटल टनल सिर्फ 1300 मीटर बनी
बिलासपुर के कंदरौर में चुनावी जनसभा में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि 70 साल गुजर गए देश की आजादी को आपने भी देखा है और हमने भी देखा है, कौन पूछता था, कौन भाव देता था? पहले हिमाचल में प्रधानमंत्री गर्मी के सीजन में आया करते थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी आपकी हर पुकार पर आपके सामने खड़े रहते हैं। आज कितना अंतर आ गया है। हमने 100 देशों को वैक्सीन दी है। 48 देशों को मुफ्त में वैक्सीन दी है। आज भारत लेने वाला नहीं, देने वाला भारत बन गया है। एक समय था जब प्रधानमंत्री बोलते थे कि हम 1 रुपया भेजते हैं तो 85 पैसा न जाने किस हाथ में फंस जाता है। तो दूसरी ओर, शिमला में आकर 31 तारीख को प्रधानमंत्री मोदी जी एक बटन दबाते हैं और किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये पहुंच जाते हैं। देश में ये बदलाव हुआ है। सोनिया गांधी की 10 साल सरकार रही, अटल टनल सिर्फ 1300 मीटर बनी। जब केंद्र में मोदी सरकार आई, तो 3 साल के अंदर 10 किमी की टनल बनाकर विकास की नई कहानी लिख दी। जब जेएनयू में नारे लगे ‘अफजल हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं।’ तब राहुल गांधी इन्हीं नारे लगाने वालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो गए। आज ये भारत जोड़ने चले हैं।
हिमाचल पहुंचेंगी केंद्रीय पुलिस बलों की 41 और कंपनियां
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 12 नवंबर को मतदान होना है। मतदान से पांच दिन पहले ही प्रदेश में 41 और केंद्रीय पुलिस बल की कंपनियां हिमाचल पहुंच जाएंगी। अतिरिक्त कंपनियों के आने से पांच नवंबर के बाद प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी हो जाएगी। चुनाव को लेकर अभी हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय पुलिस बलों की 25 कंपनियां आई हैं। राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से कंपनी के जवानों को पड़ोसी राज्यों के साथ लगती हिमाचल की सीमाओं तैनात किया गया है। प्रदेश में कुल 67 कंपनियां आएंगी।