सीएम सुक्खू ऊना दाैरे पर, बोले- भाजपा पांच गुटों में बंटी, जयराम ने प्रदेश की संपदा को लुटाया

हिमाचल : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज से दो दिन के ऊना के दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार सुबह अंदौरा में विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए। इस माैके पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में भाजपा पांच गुटों में बंटी है और जो वर्तमान में कांग्रेस सरकार की ओर से विकास करवाया जा रहा है वह नजर नहीं आ रहा है। कहा कि भाजपा के पास कहने के लिए कुछ नहीं है। जयराम ठाकुर की सरकार ने पांच साल में जनता की संपदा को लुटाया है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने पिछले पांच साल जनता को क्या दिया? मेडिकल डिवाइस पार्क की 1500 बीघा जमीन 23 लाख में दे दी, जिसकी कीमत 500 करोड़ है। तीन रुपये प्रति यूनिट बिजली दे दी। पावर प्रोजेक्टों में हिमाचल के हितों के खिलाफ समझाैते किए गए।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी इस दाैरान माैजूद रहे।इसके बाद सीएम बन्ने दी हट्टी, दौलतपुर चौक और भलेट में आयोजित होने वाले कार्यक्रमाें में शामिल हुए। मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव सर्किट हाउस ऊना में रहेगा। रविवार को मुख्यमंत्री सुक्खू ऊना कॉलेज में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री ऊना से शिमला लौटेंगे।

Share the news