सीएम सुक्खू ने नई दिल्ली में प्रियंका को राजनीतिक घटनाक्रम से कराया अवगत

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

9 मार्च 2024

CM sukhvinder Sukhu informed Priyanka about political developments in New Delhi

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात कर उन्हें प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम से अवगत कराया। राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग के कारणों और सरकार को अस्थिर करने वालों की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। इस दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर सरकार और संगठन की आगामी रणनीति पर भी विस्तार से मंथन किया गया सूत्रों ने बताया कि इस दाैरान पार्टी पर्यवेक्षकों डीके शिवकुमार और भूपेंद्र हुड्डा की ओर से हाईकमान को दी गई रिपोर्ट को लेकर भी प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री से चर्चा की। प्रियंका ने मुख्यमंत्री को प्रदेश में सभी को साथ लेकर चलने और लोकसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार देर शाम को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर उन्हें अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने प्रियंका से मिलकर उन्हें भी अपनी रिपोर्ट दी। प्रियंका और सीएम सुक्खू की बैठक में अयोग्य घोषित किए गए कांग्रेस के छह विधायकों सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा, रवि ठाकुर, चैतन्य शर्मा, देवेंद्र भुट्टो और इंद्रदत्त लखनपाल की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा हुई। इन विधायकों के बागी होने के क्या कारण थे, इस पर मुख्यमंत्री ने प्रियंका को अपनी रिपोर्ट दी। प्रदेश में मचे सियासी तूफान को शांत करने के लिए किए गए डैमेज कंट्रोल से भी मुख्यमंत्री ने अवगत कराया। बता दें कि इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री विक्रमादित्य सिंह और मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी हाईकमान से मिलकर प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर अपनी रिपोर्ट दे चुके हैं।

हाईकमान ने विधायकों की नाराजगी दूर करने को कहा

पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुक्खू को सरकार और संगठन में समन्वय बनाने के लिए कई टिप्स दिए हैं। विधायकों की नाराजगी दूर करने के लिए भी मुख्यमंत्री को उचित कदम उठाने के लिए कहा गया है।

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

Share the news