
सुंदरनगर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने 61 किलो 205 ग्राम अफीम डोडा के साथ पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम SI दौलत राम के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी हंस राज तथा आरक्षी कुलदीप और सतीश कुमार के साथ अलसू चौक पर नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक महिंद्रा पिकअप जीप (PB03BH0430) को जांच के लिए रोका गया।
जब वाहन चालकों से गाड़ी के कागजात मांगे गए तो वे टालमटोल करने लगे। संदेह के आधार पर जब वाहन की तलाशी ली गई तो जीप से 61 किलो 205 ग्राम अफीम डोडा बरामद किया गया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ थाना सुंदरनगर में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
कुलदीप सिंह, पुत्र मुकुंद सिंह, निवासी VPO राउकेकला, जिला मोगा (पंजाब), उम्र 39 वर्ष
रामपाल, पुत्र गुरमेल सिंह, निवासी गांव रसूलपुर माला, डाकघर जगराओं, तहसील जगराओं, जिला लुधियाना (पंजाब), उम्र 37 वर्ष
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।





