सुंदरनगर में धूमधाम से मनाया गया 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस

सुंदरनगर
उपमंडल निर्वाचन कार्यालय सुंदरनगर में “माय इंडिया माय वोट, इंडियन सिटिज़न्स एट द हार्ट ऑफ़ इंडियन डेमोक्रेसी” थीम के अंतर्गत 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की। उन्होंने नव पंजीकृत मतदाताओं को बधाई देते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय एवं जिम्मेदार सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य मतदान के महत्व को रेखांकित करना तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
नायब तहसीलदार (निर्वाचन) सुंदरनगर सुनील कुमार ने बताया कि 27-सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया तथा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नव पंजीकृत मतदाताओं को सम्मानित किया गया तथा उन्हें मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रदान किए गए। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में इस अवसर को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने हेतु अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक एवं निष्पक्ष रूप से प्रयोग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निर्वाचन कार्यालय का स्टाफ एवं समीपवर्ती मतदान केंद्रों के बूथ स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news