
खबर अभी अभी संवाददाता
(हंस राज सैनी)
सुंदरनगर, 29 जनवरी :
पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसआई दौलत राम की अगुवाई में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार नंबर PB-65-D-2415 की तलाशी ली, जिसमें से 690 ग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस ने मौके पर ही कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल वर्मा पुत्र प्रेम कुमार, निवासी मकान नंबर 1940/22बी, सेक्टर-22, चंडीगढ़ (उम्र 32 वर्ष) तथा तरनदीप सिंह ओबरॉय पुत्र गुरबचन सिंह ओबरॉय, निवासी मकान नंबर 745/22ए, सेक्टर-22ए, चंडीगढ़ (उम्र 34 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सुंदरनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने दोहराया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





