सुंदरनगर में युवती की आत्महत्या, मानसिक उत्पीड़न के आरोप में युवक गिरफ्तार

मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के रोपा क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने एक युवक पर मानसिक रूप से परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस थाना सुंदरनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला शिकायतकर्ता किशोर चंद (72) पुत्र सुकां राम, निवासी गांव रोपा डाकघर भोजपुर तहसील सुंदरनगर के बयान पर दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी दत्तक पुत्री दिव्य ज्योति सैनी (22) बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद इन दिनों सीएचसी सुंदरनगर में प्रशिक्षण ले रही थी। परिजनों ने बताया कि 6 अप्रैल को युवती ने उन्हें जानकारी दी थी कि चंडीगढ़ निवासी ललित नाम का युवक उसे लगातार फोन कर मानसिक रूप से परेशान कर रहा था और मिलने के लिए दबाव बना रहा था।

आरोप है कि उक्त युवक उसे चमुखा क्षेत्र स्थित एक होटल में भी ले गया था। परिजनों का कहना है कि लगातार मानसिक दबाव और उत्पीड़न के चलते युवती ने अपने कमरे में फंदा लगाकर यह कदम उठा लिया।

घटना के बाद मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच में शामिल कर लिया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान ललित कुमार पुत्र दर्शन लाल, निवासी नरोट मेहरा तहसील पठानकोट के रूप में की है और उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Share the news