सुंदरनगर में सामुदायिक प्रेरकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

सुंदरनगर
कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर में “सामुदायिक प्रेरकों के लिए स्वयं सहायता समूह की अवधारणा को बढ़ावा देना और उसे सुदृढ़ बनाना” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना जिलों से जाईका परियोजना के अंतर्गत 22 सामुदायिक प्रेरकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूहों की भूमिका, कार्यप्रणाली तथा विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों के संगठन और सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को समूहों की नियमित बैठकों, वित्तीय लेन-देन, गतिविधियों तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों को मैन्युअल और डिजिटल माध्यम से व्यवस्थित रूप से संधारित करने की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त आजीविका संवर्धन, आय सृजन, सूक्ष्म उद्यम, मूल्य संवर्धन तथा उत्पादों को बाजार से जोड़ने के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। सामुदायिक प्रेरकों को बचत योजनाओं, बैंक ऋण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के रख-रखाव तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं से स्वयं सहायता समूहों को मिलने वाले लाभों के बारे में भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर की प्रधानाचार्या डॉ. प्राची, उप-प्रधानाचार्य डॉ. ओम प्रकाश बंसल, समन्वयक डॉ. सुधीर, प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. मीना, डॉ. अमर सिंह, डॉ. राजीव शर्मा, संसाधन व्यक्ति डॉ. रवि शर्मा तथा एनआरएलएम कोऑर्डिनेटर किशोरी लाल ने प्रशिक्षण प्रदान किया।

Share the news