सुंदरनगर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

सुंदरनगर,
सुंदरनगर में 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में उपमंडल स्तरीय समारोह का आयोजन जवाहर पार्क में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी सुंदरनगर अमर नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा पुलिस जवानों द्वारा उन्हें सलामी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस, पूर्व सैनिकों तथा एनसीसी/एनएसएस और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। परेड का संचालन परेड कमांडर एएसआई अश्विनी ठाकुर द्वारा किया गया।
समारोह के दौरान सुंदरनगर उपमंडल के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग एवं व्यापार मंडल सुंदरनगर की टीमों के मध्य रस्साकसी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि अमर नेगी ने उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हिमाचल प्रदेश एवं देश के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान पूर्ण रूप से लागू हुआ, तभी से यह दिन गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अधिकार और सशक्तिकरण प्रदान किया है तथा देश ने जिन ऊँचाइयों को छुआ है, वह संविधान से प्राप्त लोकतांत्रिक शक्तियों का ही परिणाम है। उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा उपमंडल सुंदरनगर के स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों, विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त कर देश-विदेश में प्रदेश का नाम रोशन किया है। साथ ही परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। रस्साकसी प्रतियोगिता में विजेता पुलिस विभाग की टीम को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण, तहसीलदार सुंदरनगर अंकित शर्मा, नगर परिषद के पार्षदगण, प्रेस क्लब एवं व्यापार मंडल सुंदरनगर के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share the news