
थाना प्रभारी सुजानपुर दिलदार सिंह के नेतृत्व में सुजानपुर पुलिस की ओर से शुक्रवार को नशा हटाओ, भांग उखाड़ो अभियान चलाया गया। थाना परिसर के साथ लगते क्षेत्र में भांग के पौधों को उखाड़ कर नष्ट किया गया। सुजानपुर पुलिस कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी इस अभियान में भाग लिया। अतिरिक्त थाना प्रभारी दिलदार सिंह ने बताया कि सुजानपुर पुलिस द्वारा नशा हटाओ भांग उखाड़ो अभियान चलाया गया है। पुलिस समय-समय पर इस तरह का अभियान चलाती रहती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नशे के खात्मे को लेकर प्रदेश की जनता आगे आए और विशेष रूप से सबसे पहले जो भांग के पौधे यहां-वहां अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लहराते रहते हैं, उन्हें उखाड़कर नष्ट करें। उन्होंने कहा कि इस विषय पर उन्होंने निकटवर्ती पंचायत के प्रतिनिधियों को भी पत्र लिखकर इस अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की है। इससे पहले तमाम पुलिस कर्मियों ने थाना परिसर के साथ लगते एरिया में इस अभियान को कामयाब बनाया।





