सेरु टूर के तहत वियर्थियों का कुल्लू आगमन, स्थानीय परिवारों के साथ रहकर करेंगे संस्कृतिक आदान-प्रदान – अभिनव कश्यप

Kullu-
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सहयोग से विद्यार्थी सेवा एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा संचालित सेरु (स्टूडेंट्स एक्सपीरियंस इन रीजनल अंडरस्टैंडिंग ) कार्यक्रम के अंतर्गत लद्दाख से आए 30 छात्र प्रतिनिधियों का दल 05 मार्च 2026 की रात को कुल्लू पहुँचा। इस दल में 11 छात्राएं और 19 छात्र शामिल हैं। यह सभी विद्यार्थी सामान्य अध्ययनरत छात्र हैं और यह यात्रा उन्हें देश की विविध संस्कृति और सामाजिक जीवन से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।इस कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थी सेवा एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सहयोग से किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में स्थानीय परिवारों के बीच ठहराकर वहां की संस्कृति, परंपराओं, रहन-सहन और सामाजिक मूल्यों से अवगत करवाया जाता है, जिससे देश के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के बीच आपसी समझ और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना मजबूत हो सके।कुल्लू पहुँचने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने इन सभी छात्र प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कुल्लू में इन विद्यार्थियों को तीन दिनों तक स्थानीय परिवारों के बीच ठहराया गया है, साथ ही उन्हें कुल्लू घाटी के विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा तथा यहां की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली से भी परिचित कराया जाएगा।इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कुल्लू के जिला संयोजक अभिनव कश्यप ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम देश की विविधता में एकता के भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत अनेक संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं का देश है और ऐसे आदान-प्रदान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं। इससे युवाओं में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और आपसी सम्मान की भावना और भी प्रबल होती है।उन्होंने आगे कहा कि कुल्लू की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराएं और यहां का प्राकृतिक वातावरण इन विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल विद्यार्थियों को नई संस्कृति और जीवनशैली को समझने का अवसर मिलेगा, बल्कि यह पहल देश के युवाओं के बीच सकारात्मक संदेश और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को भी मजबूत करेगी।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट सुशांत शर्मा….

Share the news